Saturday, March 21, 2020

तीन सालों में जिले में बही विकास की गंगा : बलदेव सिंह औलख

दैनिक अयोध्या टाइम्स संवाददाता,रामपुर-जल शक्ति राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख ने कहा कि तीन सालों में सरकार की ओर से जिले के अंदर विकास की गंगा बहाई गई है। किसानों का कल्याण, गरीब परिवारों की कन्याओं के विवाह, गरीबों को आवास दिलाने के साथ ही गांवों में घर-घर बिजली पहुंचाने का ऐतिहासिक कार्य इस सरकार में किया गया। वह कलेक्ट्रेट सभागार में मीडियाकर्मियों से वार्ता कर रहे थे।उन्होंने कहा कि हमारी सरकार विकास, विश्वास और सुशासन के पथ पर आगे बढ़ते हुए कार्य कर रही है। इन तीन वर्षों में प्रदेश को अपराधमुक्त उत्तम प्रदेश बनाने में हम सफल हुए हैं। पिछली सरकार ने प्रदेश की जो छवि धूमिल की, उसे मुख्यमंत्री ने अपने कुशल संचालन में सुधारने का कार्य किया है। इस क्रम में ही जनपद में भी ऐसा ऐतिहासिक विकास करवाया गया है जो अब तक कोई सरकार नहीं करवा सकी। इसमें सड़कों के निर्माण से लेकर शिक्षा के क्षेत्र तक में किए गए कार्य शामिल हैं। उन्होंने बताया कि पारदर्शी किसान सेवा योजना के अंतर्गत जिले में 19237 किसानों को 9.938 करोड़ का अनुदान दिया गया। 64204 किसानों का 366.29 करोड़ रुपये का ऋण माफ किया गया। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत फसलों के नुकसान की भरपाई के लिए 9237 किसानों को 5.60 करोड़ रुपये का लाभ प्रदान किया गया। 175584 किसानों को 111.03 करोड़ की धनराशि से लाभ दिया गया है। इसके अलावा अनुसूचित जाति के 35356 विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति दी गई। 5548 गरीब कन्याओं के विवाह के लिए 11.63 करोड़ रुपयों की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 38.064 करोड़ रुपयों से 3172 आवास बनवाए गए। मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण में 33.60 लाख रुपयों से 28 आवासों का निर्माण करवाया गया। उन्होंने कहा कि इससे पहले जिले में गुंडों का राज हुआ करता था। आज कहीं कोई गुंडागर्दी दिखाई नहीं देती। भूमाफियाओं और अतिक्रमणकारियों पर कार्रवाई की गई। ऐसे 1559 मामलों को चिह्नित कर 636.964 हेक्टेअर भूमि को अतिक्रमणमुक्त करवाया गया। 1455 गांवों में बिजली पहुंचाई गई। पहले जहां गांवों में ट्रांसफॉर्मर फुंक जाने पर महीनों तक उन्हें बदला नहीं जाता था, आज 24 घंटों में उन्हें बदला जा रहा है। अपने आप में ये सब ऐतिहासिक कार्य हैं। जनता इन सब कार्यों से खुश है। इस दौरान उन्होंने विकास कार्यों को लेकर जारी की गई पुस्तिका का विमोचन भी किया।

No comments:

Post a Comment