Monday, February 17, 2020

संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल और पुर्तगाली गणराज्य के राष्ट्रपति श्री मार्सेलो रेबेलो डी सूसा ने संयुक्त रूप से राष्ट्रीय संग्रहालय, नई दिल्ली में जोना वास्कोनसेलोस की कलाकृतियों – चा-चाय की स्थापना का उद्घाटन किया

केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री श्री प्रह्लाद सिंह पटेल और पुर्तगाली गणराज्य के राष्ट्रपति श्री मार्सेलो रेबेलो डी सूसा ने संयुक्त रूप से आज नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय संग्रहालय में जोना वास्कोनसेलोस की कलाकृतियों - चा-चाय की स्थापना का उद्घाटन किया।

केंद्रीय संस्कृति मंत्री ने पुर्तगाली गणराज्य के राष्ट्रपति और कलाकार जोआना वास्कोनसेलोस का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि यह कलाकृति 17वीं शताब्दी में पुर्तगाल में पांच बजे चाय परोसने की की परंपरा का प्रतिनिधित्व करती है। उन्होंने कहा कि भारत और पुर्तगाल भारत की विभिन्न सांस्कृतिक परियोजनाओं को विकसित करने में सहयोग कर रहे हैं। 


इस अवसर पर पुर्तगाली गणराज्य के राष्ट्रपति ने कहा कि ’चाय पॉट’ कला का जन-जन के बीच सांस्कृतिक सेतु का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि पुर्तगाल के परिवारों में “5 बजे चाय” की सौ वर्ष पुरानी परंपरा है, जो पारिवारिक संबंध को मजबूत करती है। उन्होंने यह भी बताया कि यह प्रदर्शनी दो देशों के बीच सांस्कृतिक संबंधों को और अधिक मजबूत करेगी।


यह प्रदर्शनी प्रसिद्ध कलाकार जोआना वास्कोनसेलोस द्वारा चायदानी के रूप में गढ़ी गई लोहे की मूर्तिकला चा-चाय प्रस्तुत करती है। 'टी पॉट' और इसकी लोहे की रेलिंग शहरी और ग्रामीण परिदृश्य के बीच सेतु के प्रतीक हैं। स्थापना द्वारा दर्शाया गया है कि चाय की सुगंध आगंतुकों को इस भौतिक दुनिया से एक वास्तविक दुनिया की यादगार यात्रा पर ले जाती है। चाय के माध्यम से पुर्तगाल और भारत के बीच पुराना संबंध फूल-फल रहा है। पुर्तगाली ने इसके लिए अपने शब्द के रूप में चा (शा) को अपनाया, जो भारतीय चाय के करीब है।


इस अवसर पर कलाकार जोआना वास्कोनसेलोस ने संग्रहालय में अपनी कलाकृति प्रदर्शित करने के लिए राष्ट्रीय संग्रहालय के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। संग्रहालय के सामने के लॉन में यह स्थापना 30 जून, 2020 तक जनता के लिए खुली रहेगी।



No comments:

Post a Comment