Sunday, February 23, 2020

इंडियन नेवल सिम्फोनिक ऑर्केस्ट्रा – 2020

इंडियन नेवल बैंड ने 21 फरवरी 20 को नई दिल्‍ली के लोधी रोड स्थित जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में आयोजित इंडियन नेवल सिम्फोनिक ऑर्केस्ट्रा के दौरान समां बांधकर संगीत प्रेमियों के दिलो-दिमाग पर छा गया। इस विश्व प्रसिद्ध बैंड ने हाल में स्‍कॉटलैंड में रॉयल एडिनबर्ग मिलिट्री टैटू, मास्को में स्पैस्काया टावर इंटरनेशनल मिलिट्री म्यूजिक फेस्टिवल और रूस के सेंट पीटर्सबर्ग में रसियन फेडरेशन नेवी डे परेड जैसे जानेमाने सैन्य बैंड महोत्‍सवों में भाग लिया और सैन्‍य संगीत, पश्चिमी शास्‍त्रीय संगीत, भारतीय शास्‍त्रीय संगीत और अन्‍य समकालीन लोकप्रिय संगीत एवं लोक संगीत की एक विस्तृत श्रृंखला के साथ श्रोताओं को आकर्षित और मंत्रमुग्ध कर दिया।



इस मधुर संगीत संध्या के दौरान बैंड ने दर्शकों के दिलों करीब पहुंचने में सफल रहा और स्विंग, वाल्ट्ज, मूवी थीम, डिस्को, फंक, लोकप्रिय एवं देशभक्ति संगीत जैसे विभिन्न मोर्चें पर अपनी प्रतिभा एवं पेशेवर अंदाज को प्रस्‍तुत किया। नौसेना के इस बैंड ने 29 जनवरी 20 को विजय चौक पर आयोजित बीटिंग रिट्रीट समारोह में भी भाग लिया था जहां उसने उमदा प्रस्‍तुति दी थी। इस बैंड ने संगीत निदेशक (नौसेना) कमांडर वीसी डी क्रूज के नेतृत्‍व में शानदार प्रदर्शन किया। वीसी डी क्रूज गोवा के पिलर म्यूजिक स्कूल और लंदन के ट्रिनिटी कॉलेज ऑफ म्यूजिक के पूर्व छात्र हैं।


इस संगीत संध्या का आयोजन नौसेना दिवस की गतिविधियों के तहत किया गया और इसकी मेजबानी नौसेनाध्‍यक्ष एडमिरल करमबीर सिंह ने की। इस अवसर पर दिल्ली के माननीय उपराज्यपाल श्री अनिल बैजल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए।



No comments:

Post a Comment